रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं तो तैयार रहें

बता दें कि JNVST फेज-1 परीक्षा 13 दिसंबर 2025 को पूरे देश में एक साथ आयोजित की गई थी। परीक्षा हो चुकी है और अब रिजल्ट जारी होने की बारी है। NVS की तरफ से संकेत मिल रहे हैं कि परिणाम जल्द ही navodaya.gov.in पर अपलोड किया जाएगा। ऐसे में छात्रों और अभिभावकों को सलाह है कि वेबसाइट पर नजर बनाए रखें क्योंकि रिजल्ट कभी भी आ सकता है। फिलहाल कोई आधिकारिक तारीख सामने नहीं आई है, लेकिन इंतजार ज्यादा लंबा नहीं होगा।

इस तरह चेक करें अपना रिजल्ट

रिजल्ट देखने के लिए सबसे पहले navodaya.gov.in पर जाएं। होमपेज पर JNVST Class 6 Result 2026 का लिंक दिखेगा, उस पर क्लिक करें। इसके बाद अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड दर्ज करें, रिजल्ट स्क्रीन पर आ जाएगा। नीचे दिए डाउनलोड बटन पर क्लिक करके स्कोर कार्ड को अपने डिवाइस में सेव कर लें और उसका प्रिंटआउट भी निकाल कर रख लें, आगे काम आ सकता है।

स्कोर कार्ड में दर्ज होंगी ये जानकारियां

रिजल्ट जारी होने के बाद जो स्कोर कार्ड डाउनलोड होगा, उसमें छात्र का नाम, माता-पिता का नाम, रजिस्ट्रेशन नंबर, किस कक्षा के लिए परीक्षा दी, रिजल्ट का स्टेटस और कुल मार्क्स जैसी सभी जरूरी जानकारियां दर्ज होंगी। स्कोर कार्ड डाउनलोड करने के बाद एक बार सभी जानकारियां ध्यान से जरूर पढ़ लें ताकि कोई गड़बड़ी हो तो समय रहते उसे ठीक करवाया जा सके।

कितने नंबर पर हो सकता है सिलेक्शन

NVS आधिकारिक तौर पर कट-ऑफ अंक जारी नहीं करता, लेकिन पिछले सालों के आधार पर अनुमान लगाया जा सकता है कि इस बार भी अलग-अलग श्रेणियों के लिए कट-ऑफ नीचे दिए गए अनुमानित अंकों के आसपास रह सकती है। बता दें कि कट-ऑफ हर साल पेपर की कठिनाई, परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों की संख्या और अन्य कारकों के हिसाब से बदलती रहती है, इसलिए ये अंक सिर्फ अनुमानित हैं।

श्रेणीसंभावित नवोदय कट-ऑफ 2026
सामान्य (General)71 – 76
ओबीसी (OBC)69 – 70
एससी (SC)60 – 68
एसटी (ST)55 – 60

ये अंक अनुमानित हैं। आधिकारिक कट-ऑफ NVS द्वारा जारी नहीं की जाती।

क्या है JNVST परीक्षा और क्यों देते हैं लाखों बच्चे

जवाहर नवोदय विद्यालय देशभर के अलग-अलग जिलों में बने आवासीय स्कूल हैं जहां कक्षा 6 से लेकर 12 तक पढ़ाई होती है। इन स्कूलों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां पढ़ाई, रहना, खाना और किताबें  सब कुछ लगभग मुफ्त में मिलता है। यही वजह है कि हर साल लाखों बच्चे इस परीक्षा में बैठते हैं और मुकाबला काफी कड़ा होता है। इन स्कूलों में दाखिले के लिए JNVST नाम की चयन परीक्षा ली जाती है जिसे पास करने के बाद ही छात्र को प्रवेश मिलता है।

चयनित छात्रों को आगे क्या करना होगा

रिजल्ट में जिन छात्रों का नाम आएगा, उन्हें आगे की दाखिला प्रक्रिया के लिए जरूरी दस्तावेज तैयार रखने होंगे। NVS की तरफ से चयनित छात्रों को अलग से सूचना दी जाएगी जिसमें दस्तावेज जमा करने की तारीख और प्रक्रिया की पूरी जानकारी होगी। वहीं जिन छात्रों का इस बार चयन नहीं हो पाया, वे निराश न हों क्योंकि JNVST फेज-2 परीक्षा का भी मौका मिलता है। इसलिए रिजल्ट आने के बाद अगले कदम के बारे में NVS की वेबसाइट पर नजर रखें।