UP Free AI Scheme: उत्तर प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश के 25 लाख से अधिक युवाओं को मुफ्त आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल्स उपलब्ध कराने की घोषणा की है। उत्तर प्रदेश के लाखों युवाओं के साथ-साथ महिलाओं के लिए भी बड़ी खुशखबरी है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डिजिटल क्रांति की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए युवाओं और महिलाओं को नए डिजिटल युग से जोड़ने की शुरुआत की है, जहां एक ओर 25 लाख युवाओं को फ्री आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल्स उपलब्ध कराया जाएगा, तो वहीं हर पंचायत में एक डिजिटल उद्यमी महिला को 10 लाख रुपए तक का लोन उपलब्ध कराया जाएगा।
यूपी के युवाओं को फ्री AI टूल्स का कैसे मिलेगा फायदा
उत्तर प्रदेश सरकार का कहना है कि आने वाले समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का ही समय मजबूत होने वाला है। ऐसे में युवाओं को नई टेक्नोलॉजी से जोड़ना काफी महत्वपूर्ण हो गया है। उत्तर प्रदेश सरकार ने इसी क्रम में 25 लाख से अधिक युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जोड़ने की योजना बनाई है। इस योजना के अंतर्गत युवाओं को फ्री में AI टूल्स दिए जाएंगे। इसके साथ-साथ युवाओं को डिजिटल प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। स्टार्टअप और फ्रीलांसिंग के अवसर तो बढ़ेंगे ही, साथ ही गांव के युवाओं को टेक्नोलॉजी से जोड़ने का मौका मिलेगा। डिजिटल युग से जोड़ने का प्रमुख उद्देश्य यह है कि युवा नौकरी खोजने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनें।
हर पंचायत में बनेगी डिजिटल उद्यमी महिला
इसके अतिरिक्त सरकार की दूसरी बड़ी घोषणा महिलाओं को लेकर है। सरकार की योजना के अनुसार प्रदेश की प्रत्येक पंचायत में एक डिजिटल उद्यमी महिला तैयार की जाएगी। इन महिलाओं को 10 लाख रुपए तक का लोन दिया जाएगा। इसके साथ-साथ डिजिटल सर्विस सेंटर शुरू करने का भी अवसर मिलेगा। ऑनलाइन सेवाएं, ई-गवर्नेंस कार्य और ग्रामीण स्तर पर डिजिटल सहायता केंद्र जैसी सुविधाएं मिल सकेंगी। सरकार के इस कदम से गांव में डिजिटल सेवाएं तेजी से आगे बढ़ेंगी और इसके साथ-साथ महिलाओं की भी आय में वृद्धि होगी।
AI क्या है, भविष्य के लिए क्यों है जरूरी
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एक ऐसी तकनीक है, जिसमें कंप्यूटर और मशीनें इंसानों की तरह सोचने, सीखने और निर्णय लेने की क्षमता दिखाती हैं। यह डेटा का विश्लेषण करके तेजी से काम करती हैं और काम को बहुत अधिक सरल और जल्दी कर देती हैं। कंटेंट बनाना, कोडिंग, डेटा एनालिसिस, डिजाइन करना, ऑनलाइन बिजनेस और शिक्षा के क्षेत्र में काफी मददगार साबित हो रही हैं। आज के डिजिटल दौर में युवाओं के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस बहुत ही जरूरी हो गया है, क्योंकि इस नई तकनीक के कारण नौकरियां और स्टार्टअप के अवसर पैदा हो रहे हैं। जो युवा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल्स और स्किल सीख लेते हैं, उन्हें डिजिटल मार्केटिंग, फ्रीलांसिंग, ऐप डेवलपमेंट और टेक्नोलॉजी आधारित कार्यों में आगे बढ़ने का अच्छा अवसर मिलता है। इसलिए युवाओं के लिए इसे सीखना और समझना भविष्य की सफलता की कुंजी माना जा रहा है। वहीं, शिक्षा के क्षेत्र में भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का योगदान तेजी से बढ़ रहा है। पढ़ाई के तरीके को पूरी तरह से बदला जा रहा है। हर छात्र की क्षमता और समझ के अनुसार पढ़ाई कराई जा सकती है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कठिन पाठ्यक्रम को भी सरल बनाता है।
